चतरा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सदस्यता अभियान की शुरुआत रविवार को चतरा जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस परिसर में जिला अध्यक्ष नवल किशोर यादव ने झारखंड सरकार के निवर्तमान कैबिनेट मंत्री सत्यानंद भोगता की उपस्थिति में की। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित हुए। बैठक में राजद को मजबूत करने और सदस्यता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री सत्यानंद भोगता ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जाए। उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में एक प्रभारी नियुक्त किया जाएगा, ताकि हर क्षेत्र में पार्टी का प्रभाव बढ़ाया जा सके।
सत्यानंद भोगता ने यह भी कहा कि राजद के सक्रिय सदस्य बनने के लिए कम से कम 25 नए प्राथमिक सदस्यों को जोड़ने का पैमाना तय किया गया है। उन्होंने बताया कि यह सदस्यता अभियान निरंतर चलाया जाएगा । जिला अध्यक्ष नवल किशोर यादव ने कहा कि इस अभियान के तहत कम से कम एक लाख नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस लक्ष्य को पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश पदाधिकारी, जिला कमेटी के सदस्य, पूर्व मंत्री के प्रतिनिधि, 20 सूत्री अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, सभी मंच मोर्चा के जिला अध्यक्ष, नगर कमेटी के पदाधिकारी, और सभी प्रखंडों के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम में सभी ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। नववर्ष पर आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल पार्टी की सक्रियता को बढ़ावा दिया, बल्कि चतरा जिले में राजद के प्रति उत्साह और प्रतिबद्धता को भी दर्शाया।