भवन मरम्मत व संचालन पुनः शुरू करने के दिए निर्देश
चतरा। उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने गुरुवार को चतरा सदर प्रखंड अंतर्गत पकरिया स्थित वृद्धा आश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, भवन की संरचना, रहने की स्थिति तथा वृद्धजनों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पाया कि वृद्धा आश्रम वर्तमान में बंद है और इसकी भौतिक स्थिति संतोषजनक नहीं है। भवन में मरम्मत, रंग-रोगन तथा अन्य आवश्यक सुधार कार्यों की आवश्यकता है। इस पर उन्होंने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को शीघ्र सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने मौके पर जानकारी दी कि यह आश्रम मई 2024 तक एक स्वयंसेवी संस्था द्वारा संचालित किया जा रहा था, लेकिन संस्था द्वारा अब कोई रुचि नहीं ली जा रही है, जिससे यह संचालनविहीन हो गया है। इस पर उपायुक्त ने गंभीरता व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि आश्रम को पुनः क्रियाशील करने के लिए ठोस योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के लिए सम्मानजनक, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उपायुक्त ने कहा, “वृद्धाश्रम केवल एक भवन नहीं, बल्कि उन लोगों की शरणस्थली है जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समाज की सेवा में समर्पित किया है। उनके सम्मान और देखभाल की जिम्मेदारी हमारी सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है।”
उपायुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों के आलोक में समाज कल्याण विभाग को शीघ्र आवश्यक कदम उठाने और आश्रम संचालन को फिर से सुचारु करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने को कहा गया है।