कुख्यात शूटर अमन सिंह की धनबाद जेल के अंदर हत्या

पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्या मामले में जेल में था बंद , पुलिस छावनी में तब्दील हुआ धनबाद जेल , गैंगस्टर अमन सिंह पर कई आपराधिक मामले थे दर्ज

रांची/धनबाद :- कोयलांचल धनबाद में बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है। यहां धनबाद मंडल कारा में बंद कुख्यात शूटर अमन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। अमन सिंह को तीन गोली मारी गई है। कुख्यात शूटर अमन सिंह धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर और कांग्रेस नेता नीरज सिंह हत्या मामले में लंबे समय से जेल में बंद था। घटना के बाद धनबाद के डीसी वरुण रंजन, एसएसपी संजीव कुमार सहित जिले के तमाम आलाधिकारी धनबाद मंडल कारा पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल धनबाद जेल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

ज्ञात हो कि शूटर अमन सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था । अमन सिंह नीरज हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में से एक है। जानकारी के अनुसार शूटर अमन सिंह को जेल के अंदर पांच गोलियां मारी गई है । कहते हैं कि किसी को अपनी हत्या का भय सताता है तो वह जेल में शरण ले लेता है। क्योंकि जेल के भीतर आदमी सुरक्षित हो जाता है। लेकिन कुख्यात शूटर अमन सिंह के मामले में ऐसा हुआ नहीं और उसे जेल के अंदर जाकर पांच-पांच गोलियां मारी गईं। गोली मारे जाने के बाद अमन सिंह को आनन फानन में धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जेल के अंदर रस्सी, ब्लेड, चाकू सहित कुछ भी आपत्तिजनक सामान ले जाने की अनुमति नहीं है। ऐसे में जेल के अंदर पिस्टल लेकर जाना और फिर ताबड़तोड़ एक के बाद एक पांच गोली अमन सिंह को मारा जाना साफ जाहिर करता है की धनबाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है। साथ ही यह घटना इस बात की ओर भी इशारा कर रहा है की कहीं ना कहीं दाल में कुछ काला है। बीते कुछ महीनों से जिला प्रशासन की टीम लगातार धनबाद जेल में छापेमारी करती रही है। लेकिन उन्हें कुछ भी हाथ नही लगा और आज एक बड़ी अनहोनी हो गई। इस घटना ने शासन सत्ता और जिला प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

धनबाद जेल में अमन सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद स्थानीय जिला प्रशासन अपनी मुस्तैदी दिखलाने की कोशिश में जुटी हुई है। लेकिन इस मामले पर कोई भी आलाधिकारी कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। आखिर अमन सिंह को गोली मारने वाला कौन है और जेल के अंदर गोली पिस्टल कैसे पहुंची इसपर जांच की जा रही है। गौरतलब है की स्वर्गीय डिप्टी मेयर नीरज सिंह की पत्नी फिलहाल झरिया से कांग्रेस की विधायक है और झारखंड में जेएमएम और कांग्रेस गठबंधन की सरकार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *