झारखंड में बड़े बदलाव की है जरूरत, हजारीबाग को चाहिए माटी का सांसद : संजय मेहता

जन आशीर्वाद सभा में वक्ताओं ने की आवाज बुलंद

रांची/हजारीबाग । झारखंड एक मुश्किल दौर में है। दो दशकों के बाद भी झारखंड में झारखंडियों के लिए नीतियाँ नहीं बन पायी है। आज तक स्थानीय नीति खतियान आधारित नहीं बन पायी है। नियोजन नीति भी अब तक नहीं बन पायी है। झारखंड की जमीनों को लूटा जा रहा है।

60: 40 नियोजन नीति झारखंडी जनमानस को स्वीकार्य नहीं है। पुनर्वास की भी नीति नहीं बन पायी है। जमीनों की लूट अत्यंत चरम पर है। ऐसे में सभी झारखंड वासियों को एकजुट होकर यह लड़ाई लड़नी होगी। नहीं तो सबकुछ लूट जाएगा। हमारे ऊपर चारो तरफ से हमला है। आज नहीं जागे तो हमारी पीढ़ियाँ बर्बाद हो जाएगी। हमारे बाल – बच्चे बेघर हो जाएंगे। अगली पीढ़ी बहुत मुश्किल में चली जाएगी।

उक्त बातें स्थानीय हक अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे संजय मेहता ने हजारीबाग के डाड़ी प्रखंड अंतर्गत लाल मोहन बेदिया उच्च विद्यालय खपिया मैदान में उमड़े जन सभा को संबोधित करते हुए कहा।

सभा में संबोधित करते हुए संजय मेहता ने आगे कहा कि झारखंड को एक साजिश के तहत बर्बाद किया जा रहा है। यहाँ अफसर नेता सब मिलकर झारखंड को लूट रहे हैं। हमारे जमीन, रोजगार सब कुछ को लूट लिया गया है। हमारे लोग अपने ही जमीन पर किरायेदार बन गए हैं। सभी नियुक्ति की प्रक्रिया में पेंच फँस जाता है। नेता भी चुप हैं। जनप्रतिनिधि ही हमारे शोषक बन गए हैं। जो नेता हमारी माटी से नहीं हैं उन्हें मिट्टी से दर्द नहीं है। जो माटी के नेता हैं वे व्यापारी बन गए हैं। झारखंड की जनता नेतृत्वविहीन हो गयी है। आज अगर नहीं जागे तो झारखंड का सब कुछ लूट जाएगा। एक एक झारखंडी को जगाना होगा। यह इंकलाब का दौर है। सबको इसमें भागीदार बनना पड़ेगा।

झारखंड को बचाने की लड़ाई सबको मिलकर लड़नी होगी। झारखंड आज एक ऐसे रास्ते पर खड़ा है जहां से एक नए शुरुआत की जरूरत है। हमारी माटी के साथ छल इतना अधिक कर दिया गया है कि अब पूरा झारखंड जाग चुका है। उन्होंने कहा कि झारखंड में एक बड़े बदलाव को लेकर हम सभी संकल्पित हैं। झारखंड के युवा जाग चुके हैं। अब यहाँ परिवर्तन होकर रहेगा। झारखंड में एक बहुत बड़े बदलाव की जरूरत है। इसके लिए हम सबों को तैयार रहना होगा। झारखंड को परिवारवाद की राजनीति से मुक्त करना होगा साथ ही यहाँ माटी का सांसद, विधायक बनाना होगा। बड़े राजनीतिक परिवार ने सिर्फ छल, धोखा किया है। ऐसे लोगो को वोट नहीं देना है।

सभा को क्रांतिकारी मोतीलाल महतो, सूरज साहू, प्रेम नायक, गायक बबन देहाती, सानिया प्रवीण सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। झारखंड को बचाने की इस लड़ाई में अपनी आवाज बुलंद की।

सभा में नौजवान एवं स्थानीय लोगों ने आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बदलाव का संकल्प लिया। साथ ही माटी के नेतृत्व पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर आह्वाहन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *