राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक कदम, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया निरीक्षण
राष्ट्रीय शान
रांची । झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के विस्तारीकरण के तहत रिम्स-2 के निर्माण की योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री अजय कुमार सिंह और रिम्स प्रबंधन के साथ अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया।
राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल…
रिम्स पर पूरे राज्य से मरीजों का भारी दबाव रहता है। वर्षों से जनता द्वारा रिम्स के विस्तार की मांग की जा रही थी। यह मांग अब राज्य के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शिता और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के प्रयासों से साकार होती दिख रही है।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “राज्य की जनता को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में रिम्स-2 का निर्माण किया जाएगा। अगले 15 दिनों में माननीय मुख्यमंत्री के कर-कमलों से इस परियोजना का शिलान्यास होगा। निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा।”
डॉ. अंसारी ने कहा, “एक चिकित्सक होने के नाते मैं स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व को भली-भांति समझता हूं। रिम्स-2 के निर्माण से राज्य के लोगों को बेहतर सुविधाएं और सेवाएं मिलेंगी। इस पहल से झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को देशभर में नई पहचान मिलेगी। आने वाले दिनों में हमारा राज्य स्वास्थ्य के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित करेगा।”
मुख्य लाभ..
मरीजों का दबाव होगा कम: रिम्स-2 के निर्माण से रिम्स पर मरीजों का बोझ कम होगा।
बेहतर सुविधाएं: राज्य की जनता को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
राजस्व और रोजगार में बढ़ोतरी: परियोजना के निर्माण से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
इस मौके पर स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह और रिम्स प्रबंधन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। उन्होंने परियोजना से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर चर्चा की और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने का संकल्प लिया।
रिम्स-2 का निर्माण झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा। यह परियोजना राज्य की जनता के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो आने वाले समय में झारखंड को पूरे देश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अग्रणी बनाएगा।