मुख्यमंत्री को राजकीय इटखोरी महोत्सव का उपायुक्त ने आमंत्रण पत्र सौंपी ।।

चतरा उपायुक्त कीर्ति श्री ने की शिष्टाचार मुलाकात, तैयारियों की दी विस्तृत जानकारी ।।

Img 20260214 Wa00354265726706763486152 1024x829

चतरा/रांची(संजीत मिश्रा)। चतरा की उपायुक्त कीर्ति श्री ने रांची स्थित कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने 19 से 21 फरवरी तक आयोजित होने वाले राजकीय इटखोरी महोत्सव में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु औपचारिक निमंत्रण पत्र सौंपा। मुलाकात के दौरान उपायुक्त ने महोत्सव की तैयारियों, कार्यक्रमों की रूपरेखा और प्रशासनिक प्रबंधों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन में झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य-संगीत, लोक कला प्रदर्शन, स्थानीय कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियां तथा पर्यटन के बढ़ावा के लिए बक्सा डैम और भेड़ी फ्रॉम डैम में रोमांचक पैरा-ग्लाइडिंग और 500 ड्रोन शो प्रस्तुत किया जाएगा ।

इटखोरी महोत्सव को केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखते हुए इसे पर्यटन, आध्यात्मिक आस्था और स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने की भी योजना है। उपायुक्त ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, यातायात प्रबंधन एवं पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि इटखोरी महोत्सव जिले की सांस्कृतिक अस्मिता और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, जो न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करता है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और राज्य सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्रीय संस्कृति को सशक्त बनाने और पर्यटन को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। राजकीय इटखोरी महोत्सव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जिले में उत्सव को लेकर उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *