दस्तावेज़ों से खुलासा : हंटरगंज में ट्रांसफर-पोस्टिंग का खेल बेनकाब, हर 15 दिन में बदल रहे पंचायत सेवक ।।

पत्रों की बौछार, तबादलों की मार , हंटरगंज में पंचायत सेवकों का खेल हुआ उजागर ।।

Img 20260207 200739379651578008569750 797x1024

हंटरगंज में पंचायत व्यवस्था को झकझोर देने वाला खुलासा ।।

चतरा(संजीत मिश्रा)। हंटरगंज प्रखंड में पंचायत व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बीडीओ निखिल कमान कच्छप पर पंचायत सेवकों और पंचायत सचिवों का बेहद कम समय के अंतराल में बार-बार तबादला करने का आरोप है। लगातार हो रहे इन तबादलों से न केवल प्रशासनिक स्थिरता प्रभावित हो रही है, बल्कि पंचायत स्तर पर चल रही विकास योजनाएं भी ठप पड़ती नजर आ रही हैं। सूत्रों के अनुसार, जिन पंचायतों में कथित रूप से कमीशन का खेल अधिक है, वहां अपने अनुकूल पंचायत सेवकों की ट्रांसफर-पोस्टिंग की जा रही है। बताया जा रहा है कि बिना किसी ठोस प्रशासनिक या कार्यगत कारण के मनपसंद पंचायतों में तैनाती और हटाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिससे पूरे प्रखंड में असंतोष का माहौल बन गया है। नाम नहीं छापने के शर्त पर पंचायत कर्मियों का कहना है कि बार-बार तबादले से योजनाओं की निगरानी कमजोर हो रही है और कार्यों की गुणवत्ता पर सीधा असर पड़ रहा है। कई पंचायत सेवक खुलकर बोलने से भले ही बच रहे हों, लेकिन अंदरखाने नाराजगी साफ झलक रही है।

अब दस्तावेज़ भी दे रहे हैं गवाही..

हंटरगंज प्रखंड में पंचायत सेवकों के तबादले को लेकर चल रहे इस खेल के ठोस प्रमाण सामने आ चुके हैं। बीडीओ कार्यालय से जारी लगातार पत्रों और ज्ञापनों से यह स्पष्ट होता है कि “कार्यहित एवं प्रशासनिक दृष्टिकोण” की आड़ में पंचायत सचिवों और जनसेवकों की ट्रांसफर-पोस्टिंग का सिलसिला लगातार जारी है। कार्यालय आदेशों में पूर्व आदेश में आंशिक संशोधन का हवाला देते हुए पंचायतों का बार-बार पुनः आवंटन किया गया है। हैरानी की बात यह है कि कुछ पंचायत सेवकों को महज 10 से 15 दिनों के भीतर दो-दो और तीन-तीन पंचायतों में बदला गया, जो पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

पत्रों की श्रृंखला खुद कर रही है खेल की पुष्टि …

● ज्ञापन संख्या 121, दिनांक 29.01.2026 दो पंचायत सेवकों का तबादला — सोनू कुमार रजक : तरवागड़ा एवं जबड़ा , शिवशंकर दास : मीरपुर

● ज्ञापन संख्या 90, दिनांक 19.01.2026 दो पंचायत सेवकों का पुनः तबादला , महेश मिस्त्री : तिलहेत एवं कटैया , दीपक टोपनो : करैलीबार

● ज्ञापन संख्या 402, दिनांक 16.12.2025 एक साथ 11 पंचायत सेवकों का तबादला , महेश मिस्त्री : कटैया एवं करैलीबार , प्राण कुमार : पाण्डेयपुरा खुर्द, लेंजवा एवं डाहा , आनंद कुमार : गेरुआ एवं डुमरीकला
, सोनू कुमार रजक : मीरपुर एवं नावाडीह , तारामणी खलखो : खुटिकेवाल खुर्द , दीपक टोपनो : तिलहेत , भुनेवनेश्वर ठाकुर : जोलडीहा एवं तरवागड़ा , सुश्री रश्मि तिर्की : नावाडीह पनारी , योगेश कुमार शर्मा : बलुरी एवं कोबना , विनोद चौधरी : गैजना एवं जोरीकला , अजीत यादव : लेंजवा एवं दन्तार

● ज्ञापन संख्या 08, दिनांक 03.01.2026 पंचायत सचिवों की पोस्टिंग , सोनू कुमार रजक : मीरपुर एवं तरवागड़ा , तारामणी खलखो : खुटिकेवाल खुर्द एवं कोबना , श्रीमती अंजली : लेंजवा , भुनेवनेश्वर ठाकुर : जोलडीहा एवं नावाडीह पनारी , सुश्री रश्मि तिर्की : नावाडीह , योगेश कुमार शर्मा : बलुरी एवं पैनीकला , अजीत यादव : दन्तार

एक ही नाम, बार-बार तबादला… सवाल गहरे …

लगातार जारी इन आदेशों से साफ जाहिर होता है कि कुछ पंचायत सेवकों के नाम लगभग हर ज्ञापन में दोहराए जा रहे हैं। इतनी कम अवधि में पंचायत बदलना न सिर्फ नियमों की अनदेखी को दर्शाता है, बल्कि कमीशन और मनपसंद पोस्टिंग की आशंका को भी और मजबूत करता है। सूत्रों का दावा है कि जिन पंचायतों में “कमाई” अधिक है वहां पसंदीदा कर्मियों की तैनाती की जा रही है। वहीं, बार-बार के तबादलों से योजनाएं लटक रही हैं और पूरी पंचायत व्यवस्था चरमराती नजर आ रही है। अब सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन इन दस्तावेज़ी सबूतों के बाद भी आंख मूंदे रहेगा? क्या बीडीओ द्वारा जारी तबादला आदेशों की उच्चस्तरीय जांच होगी या यूं ही खेल जारी रहेगा । हंटरगंज में ट्रांसफर-पोस्टिंग का यह खेल अब कागजों में दर्ज हो चुका है। अब देखना दिलचस्प होगा कि करवाई होती है या नहीं ??

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *