रांची/गढ़वा । भंडरिया थाना क्षेत्र के बिजका साप्ताहिक बाजार में 25 फरवरी को हुई सब्जी विक्रेता दीपक चौधरी की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह ने बताया कि मृतक के भाई राकेश चौधरी के फर्दबयान के आधार पर भंडरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गढ़वा पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विजय सिंह और जेठू सिंह (ग्राम बिंदा, थाना भंडरिया) तथा बजरंगी चौधरी (ग्राम फकिराडीह, थाना भंडरिया) को गिरफ्तार कर लिया।जमीन विवाद बना हत्या की वजहपुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक दीपक चौधरी और नामजद अभियुक्त सूर्यदेव चौधरी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया कि सूर्यदेव चौधरी ने मृतक के गोतिया से लगभग पांच एकड़ जमीन बिना बंटवारे के खरीद ली थी। मृतक और उनके परिजन अपने हिस्से की मांग कर रहे थे, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।पुलिस के अनुसार, जमीन पर कब्जा जमाने के उद्देश्य से सूर्यदेव चौधरी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। साप्ताहिक बाजार में मौका देखकर घटना को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी। 25 फरवरी को बाजार समाप्ति के समय, जब दीपक चौधरी अपनी दुकान समेट रहे थे, तभी आरोपियों ने गोली चलाकर उनकी हत्या कर दी और फरार हो गए।मोबाइल से भेजी गई थी रकमपुलिस ने बताया कि हत्या के बाद आरोपियों को आंशिक भुगतान मोबाइल के माध्यम से किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है।छापेमारी दल में भंडरिया थाना प्रभारी सुभाष कुमार पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




Leave a Reply