कान्हाचट्टी के बाकचुम्मा में हाथियों का तांडव, कई घर ढहे, फसलें तबाह

कान्हाचट्टी (चतरा) : प्रखंड अंतर्गत बाकचुम्मा पंचायत में बीती रात जंगली हाथियों के एक झुंड ने जमकर तांडव मचाया। हाथियों के इस उत्पात से ग्रामीणों के कई कच्चे घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि खेतों में लगी लहलहाती फसलें रौंदकर नष्ट कर दी गईं। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

Img 20260207 Wa001191917528311633829 768x1024

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात जंगल की ओर से हाथियों का झुंड गांव में प्रवेश कर गया और एक-एक कर कई घरों को तोड़ते हुए आगे बढ़ता रहा। घरों में रखा अनाज, बर्तन एवं अन्य घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि ग्रामीणों ने समय रहते भागकर जान बचाई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

ग्रामीणों में भय का माहौल

हाथियों की मौजूदगी की आशंका के चलते ग्रामीणों में भारी भय व्याप्त है। शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। कई परिवार रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं, ताकि दोबारा हाथियों के लौटने की स्थिति में सतर्क रहा जा सके। ग्रामीणों ने वन विभाग एवं प्रशासन से प्रभावित परिवारों को अविलंब मुआवजा देने, क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने तथा हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *