सरकार साजिशकर्ताओं की पहचान कर सच्चाई उजागर करे” – सुदेश महतो

अनिल टाइगर हत्याकांड के विरोध में आजसू का प्रभावशाली प्रदर्शन, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प

रांची: पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर की नृशंस हत्या के विरोध में आजसू पार्टी ने रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने राज्य सरकार की विफलताओं और कानून-व्यवस्था के बिगड़ते हालात के खिलाफ विधानसभा से लेकर सड़कों तक विरोध जताया।

आजसू के वरिष्ठ नेता डॉ. देवशरण भगत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांके रोड से जुलूस निकालते हुए कचहरी रोड, शहीद चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, जिसके परिणामस्वरूप कई आजसू नेताओं, जैसे प्रवीण प्रभाकर और कुमुद वर्मा, को हिरासत में लिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर रांची सांसद-सह-केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, आजसू विधायक निर्मल महतो और पूर्व सांसद यदुनाथ पांडे समेत कई वरिष्ठ नेता कोतवाली थाना पहुंचे और हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने दिवंगत अनिल टाइगर के अंतिम संस्कार में शिरकत की और परिजनों से संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह हत्याकांड झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति और अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने राज्य सरकार पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि रांची बंद की अभूतपूर्व सफलता इस बात का संकेत है कि जनता अब इस सरकार से पूरी तरह निराश हो चुकी है।

सुदेश महतो ने सरकार से अनिल टाइगर हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच कर साजिशकर्ताओं की पहचान करने और दोषियों को शीघ्र दंडित करने की मांग की। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री आवास से चंद किलोमीटर की दूरी पर राजनीतिक कार्यकर्ता की दिनदहाड़े हत्या हो जाती है, जो यह सिद्ध करता है कि राज्य में अपराधियों और माफियाओं का बोलबाला है।”आजसू कार्यकर्ताओं का उग्र विरोध प्रदर्शन सरकार की नाकामी और झारखंड में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के खिलाफ था। प्रदर्शन में दीपक महतो, हरीश कुमार, संजय मेहता, रमेश गुप्ता, और अन्य प्रमुख कार्यकर्ता शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *