भव्य और ऐतिहासिक होगा तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव ।।

img 20260211 wa00265048068146376716381.webp

उपायुक्त की पहल से इटखोरी में दिखेगा संस्कृति और रोमांच का संगम ।।

Img 20260211 Wa00265048068146376716381 1024x681

देश के विभिन्न राज्यों के कलाकार देंगे प्रस्तुति, 500 ड्रोन से सजेगा आसमान ।।

इटखोरी में सजेगा सांस्कृतिक कुंभ, 500 ड्रोन से जगमगाएगा आसमान ।।

चतरा(संजीत मिश्रा)। 19, 20 एवं 21 फरवरी को आयोजित होने वाला तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव इस वर्ष भव्य, यादगार और ऐतिहासिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक और सुनियोजित तैयारियां शुरू कर दी हैं। महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए समाहरणालय परिसर से उपायुक्त कीर्तिश्री जी द्वारा दो प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। ये प्रचार रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं प्रमुख स्थलों पर पहुंचकर लोगों को महोत्सव की जानकारी देंगे और सहभागिता के लिए आमंत्रित करेंगे। उपायुक्त ने जानकारी दी कि इस बार महोत्सव को विशेष और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से देश के विभिन्न राज्यों के ख्यातिप्राप्त कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। तीनों दिनों तक आयोजित सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न राज्यों की लोक एवं आधुनिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

19 एवं 20 फरवरी को इटखोरी स्थित बक्सा डैम में निःशुल्क वाटर स्पोर्ट्स का आयोजन किया जाएगा, वहीं लक्षनपुर भेड़ी फॉर्म डैम में रोमांचक पैरा-ग्लाइडिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे युवाओं और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिलेगा। महोत्सव के अंतिम दिन 21 फरवरी को माँ भद्रकाली मंदिर, महाने नदी तट पर भव्य संध्या गंगा आरती का आयोजन होगा। इसके साथ ही 500 ड्रोन की मदद से आकर्षक ड्रोन शो प्रस्तुत किया जाएगा, जो पूरे आसमान को रोशनी और रंगों से जगमगा देगा।

उपायुक्त ने बताया कि राजकीय महोत्सव में श्रोताओं एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने से पूर्व मीडिया प्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों तथा स्थानीय नागरिकों के साथ विचार-विमर्श कर सुझाव लिया गया है और उन सुझावों को अमल में लाया जा रहा है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि यह महोत्सव न केवल सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करे, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा प्रदान करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *