पुलिस पर तीन बार चढ़ाने की कोशिश, हालात काबू करने को 9 राउंड फायरिंग

रांची: राजधानी रांची के कचहरी चौक से शुरू हुई एक सनसनीखेज घटना ने बुधवार को पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार युवकों ने कथित रूप से ट्रांसजेंडर समुदाय के एक सदस्य के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर हंगामा खड़ा हो गया, जिसमें ट्रांसजेंडर समुदाय का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका एक पैर टूट गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना के डीएसपी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार युवकों ने कथित रूप से पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, डीएसपी समेत कई जवान बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि आरोपितों ने तीन बार वाहन से कुचलने का प्रयास किया, जिससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। स्थिति को बेकाबू होता देख पुलिस को आत्मरक्षा में फायरिंग करनी पड़ी। कुल 9 राउंड फायरिंग की गई, जिसमें मुख्य रूप से स्कॉर्पियो के टायरों को निशाना बनाया गया ताकि वाहन को रोका जा सके।
फायरिंग के दौरान इस्तियाख नामक युवक गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तत्काल रिम्स (राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस्तियाख और गुलफाम नामक युवकों पर ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्य से मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप है। साथ ही, यह भी आरोप है कि उन्होंने एक अन्य युवक को स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है ।अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





Leave a Reply