रांची। 08 जनवरी 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर नामकुम थाना पुलिस द्वारा अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध व्यापक सत्यापन एवं विनिष्टीकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान नामकुम थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती एवं वनाच्छादित इलाकों में की जा रही अवैध अफीम की खेती को पूरी तरह नष्ट किया गया। पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की टीम ने नामकुम थाना अंतर्गत ग्राम लाली, हेसो एवं गरूड़पीढ़ी के वन क्षेत्रों में पहुंचकर अवैध अफीम की खेती का स्थल सत्यापित किया। सत्यापन के उपरांत यांत्रिक उपकरणों—ट्रैक्टर एवं ग्रास कटर मशीन—की सहायता से करीब 5 (पाँच) एकड़ क्षेत्र में लगी अवैध अफीम की फसल को विनष्ट किया गया।

कार्रवाई के पश्चात पुलिस द्वारा आसपास के ग्रामीणों के साथ संवाद कर अफीम की खेती से होने वाले कानूनी, सामाजिक एवं पर्यावरणीय दुष्परिणामों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि अवैध अफीम की खेती न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे सामाजिक ताना-बाना प्रभावित होता है और पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंचती है। पुलिस ने ग्रामीणों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी व्यक्ति को अवैध अफीम की खेती या इससे संबंधित गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें और अवैध मादक पदार्थों की खेती अथवा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं।





Leave a Reply