बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 टूर्नामेंट के समापन समारोह में खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

रांची/लोहरदगा। बीएस कॉलेज मैदान में आयोजित बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में झारखंड निरंतर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के नौजवानों की रग-रग में खेल बसता है और यहां के खिलाड़ी देश-दुनिया में राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विश्व क्रिकेट में Mahendra Singh Dhoni की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का परचम लहराया है। वहीं हॉकी के क्षेत्र में भी राज्य के खिलाड़ियों का दबदबा रहा है और भारतीय महिला हॉकी टीम में कप्तान सहित कई खिलाड़ी झारखंड से हैं, जो हम सबके लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल क्रिकेट और हॉकी तक सीमित नहीं है। तीरंदाजी, फुटबॉल, लॉन बॉल सहित अन्य खेलों में भी खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रभावी खेल नीति लागू की गई है, ताकि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अवसर मिल सके। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व भारतीय क्रिकेटर Virender Sehwag और Harbhajan Singh उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने दोनों पूर्व क्रिकेटरों से राज्य में खेलों की संभावनाओं और सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की।
खनिज संपदा के साथ खिलाड़ियों की पहचान भी बनेगा झारखंड…
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अब तक खनिज संपदा के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन राज्य सरकार का प्रयास है कि आने वाले समय में यह प्रदेश खिलाड़ियों की उपलब्धियों के लिए भी पहचाना जाए। इसके लिए चरणबद्ध कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीएस कॉलेज मैदान को बेहतर स्वरूप देने में राज्य सरकार का सहयोग रहा है और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह स्टेडियम खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों और दर्शकों के उत्साह की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक रामचंद्र सिंह, विधायक भूषण बाड़ा, विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, विधायक राजेश कच्छप सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।


Leave a Reply