नए एसपी के पदभार संभालते ही सनसनी: शहर में रोजगार सेवक का संदिग्ध अवस्था में मिला शव, हत्या या हादसा जांच में जुटी पुलिस

संजीत मिश्रा , चतरा

चतरा: शहर में बीती रात एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। शादी समारोह से लौट रहे हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत डाहा पंचायत के वर्तमान रोजगार सेवक राजेश कुमार शर्मा उर्फ बउला का शव संदिग्ध अवस्था में पुराने पेट्रोल पंप के समीप बरामद किया गया। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर हत्या और हादसे की जांच में जुटी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुदरी बाजार निवासी राजू साव के यहां से बारात निकलकर लाइन मोहल्ला निवासी धर्मेंद्र साहू के यहां आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने के बाद राजेश शर्मा देर रात अपने घर लौट रहे थे। आशंका जताया जा रहा है कि इसी दौरान पुराने पेट्रोल पंप के पास अज्ञात अपराधियों ने उनके सिर पर पीछे से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण वे सड़क किनारे गिर पड़े।

जब देर रात तक वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन के दौरान उन्हें फेमस मेडिकल के समीप सड़क किनारे अचेत अवस्था में पाया गया। आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक राजेश कुमार शर्मा चतरा के विंड मोहल्ला निवासी स्वर्गीय मनोहर ठाकुर के बड़े पुत्र थे। उनके निधन की खबर फैलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। घटना पर दुख व्यक्त करते हुए उनके बड़े पापा एवं राजद के वरिष्ठ नेता नंदकिशोर ठाकुर ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा तथा एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। वहीं चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने घटना को बेहद विभत्स बताते हुए पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। इधर, नए एसपी के पदभार ग्रहण करते ही इस तरह की घटना ने पुलिस महकमे को भी चुनौती दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। मृतक का मोबाइल फोन भी गायब बताया जा रहा है, जो फिलहाल स्विच ऑफ है, जिससे लूट की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना से पूरे शहर में आक्रोश और शोक का माहौल है।